हमीरपुर। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ता अपने हक का सिलिंडर नहीं पा रहे हैं। अधिकांश एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की सुबह से ही भीड़ लग रही हैं। बारी आने के बाद कई उपभोक्ताओं को बुकिंग नंबर और ओटीपी का मैसेज दिखाने के बाद भी लौटा दिया जा रहा है। बीते दो दिनों से शहर की मुख्य भारत गैस एजेंसी में सिलिंडर न आने से एक हजार बुकिंग लंबित हैं।
-
बुकिंग के बाद नहीं मिला सिलिंडर
भारत गैस एजेंसी पर उनका कनेक्शन है। ऑनलाइन बुकिंग भी हो चुकी है। आज सिलिंडर लेने आया तो गैस ही नहीं है। संचालक कल आने को बोले हैं।
- परशुराम, केसरिया डेरा।
तीन दिनों से नहीं मिल रहे व्यवसायिक सिलिंडर
रोजाना 3-4 सिलिंडरों की खपत है, लेकिन तीन दिनों से एक भी सिलिंडर नहीं मिला है। इससे डीजल व कोयला भट्ठी से काम चलाना पड़ रहा है।- कल्लू दीक्षित, दीक्षित स्वीट।
तीन दिनों से नहीं आई गैस
शहर के त्रिवेणी गैस एजेंसी के संचालक मनीष का कहना हैं कि बीते बृहस्पतिवार से गैस सिलिंडर नहीं आए हैं। इससे करीब एक हजार घरेलू गैस की बुकिंग लंबित हैं। दो दिनों से जो बचत में सिलिंडर थे, उन्हें ही वितरित किया जा रहा है। शनिवार से वह भी खत्म है। जबकि रोजाना 400 से अधिक सिलिंडरों की खपत है। यही हाल व्यवसायिक सिलिंडरों का भी है। बीते चार दिनों में मात्र 12 रिफलिंग हुई हैं। जबकि उनकी एजेंसी में करीब 80 कनेक्शन धारक हैं।
- मनीष, एजेंसी संचालक।
सभी एजेंसियों पर निरंतर निगरानी की जा रही है। उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं। यदि बुकिंग के बाद भी किसी को सिलिंडर नहीं मिल रहा है तो इसकी शिकायत विभाग में करें, तत्काल समाधान किया जाएगा।
- बृजेश कुमार शुक्ला, डीएसओ।