मौदहा। विकासखंड क्षेत्र के बांदा मार्ग से फत्तेपुरवा को जोड़ने वाली 1400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके निर्माण में करीब 32 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी। इसका जिला पंचायत निधि योजना के तहत निर्माण कराया जा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क इतनी जर्जर थी कि आवागमन में काफी परेशानी होती थी। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य संध्या पांडे से सड़क निर्माण की मांग की थी।
फत्तेपुरवा प्रधान सियाराम विश्वकर्मा ने कहा कि इस सड़क के बनने से ग्रामवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे खंडेह, रीवन, गहबरा सहित सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी। ग्रामीण रामबाबू ने बताया कि यह सड़क जिले के एक मात्र पर्यटन स्थल खंडेह को जोड़ने वाली सड़क है। 25 सालों से भारी भरकम गड्ढों में तब्दील पड़ी थी। बहुत दिनों बाद इसके दिन बहुरे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विपिन पांडे ने बताया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। करीब 32 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क की कुल लंबाई 1400 मीटर है।