हमीरपुर। बुंदेलखंड विकास निधि से दो सड़कों के लिए 209 लाख रुपये मिल गए हैं। इससे जल्द ही इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इनके बनने से दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में लाभ होगा।
वर्ष 2020-21 में बुंदेलखंड विकास निधि से दो सड़कों की स्वीकृति शासन स्तर से मिली थी। इसमें सिसोलर से लेवा साढ़े चार किलोमीटर मार्ग दो करोड़ 86 लाख 62 हजार की लागत से बनना है। जलाला से यमुना साउथ बैंक रेलवे स्टेशन होते हुए भंभौरा साढ़े तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग 231.42 लाख की लागत से बनना है। शासन स्तर से 25 फीसदी धनराशि स्वीकृति की गई थी। कार्यदायी संस्था ने आधा-अधूरा काम कराकर बंद कर दिया था। शेष धनराशि न मिलने से इन सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हो सका था। अब शासन ने दोनों सड़कों के लिए 209 लाख की धनराशि जारी कर दी है।
सिसोलर से लेवा मार्ग के लिए 114 लाख व जलाला से यमुना साउथ मार्ग के लिए 95.96 लाख की धनराशि मिली है। जल्द ही कार्यदायी संस्था का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
पत्योरा निवासी अनंता सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष ठेकेदार ने जलाला से यमुना साउथ रेलवे स्टेशन से भंभौरा तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया था। मिट्टी की पुराई कर गिट्टियां फैलाकर छोड़ दिया था। सड़क बनने से आवागमन में लोगों को लाभ मिलेगा। लेवा प्रधान धनंजय सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। सड़क बनने से दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एमएल वर्मा ने बताया कि जल्द ही दोनों सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।