भरुआसुमेरपुर। कस्बे को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ गुरुवार की शाम कस्बे का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने फल व सब्जी मंडी पशु बाजार में लगाने के निर्देश दिए हैं।
थानाध्यक्ष भरत कुमार ने व्यापारियों के साथ बैठक करके जिलाधिकारी के निर्देशों से अवगत कराते हुए सब्जी व फल मंडी पशु बाजार में लगाने के लिए कहा। उधर, अपर जिलाधिकारी रमेश चंद्र, एएसपी अनूप कुमार, ईओ नगर पालिका राजेश कुमार मिश्रा व सीओ रवि प्रकाश, चेयरमैन कुलदीप निषाद और शहर कोतवाल दुर्गविजय सिंह ने अतिक्रमण को लेकर शहर में मुआयना किया। इसमें पुलिस लाइन, स्टेडियम पटरी पर लगने वाली सब्जी व फलों की दुकानों को हटाने के निर्देश दिए।
व्यापारियों को नई जगह चिह्नित करने के लिए आश्वस्त किया है। एएसपी ने शहर के अंदर से गुजर रहीं तीन टूरिस्ट बसों का चालान कर दिया। मौदहा संवाद के अनुसार बड़े चौराहे से अभियान चालू कर नालों पर किया अतिक्रमण हटवाया। गोहांड संवाद के मुताबिक गुरुवार को नगर तिराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इसमें अस्थायी दुकानों को हटाया गया। इस मौके पर नगर पंचायत ईओ दीपाली यादव मौजूद रहीं।