हमीरपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग और राजस्व विभाग की टीमों ने उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। खाद के नौ सैंपल लिए। पीसीएफ सुमेरपुर में स्टाक बोर्ड व प्रतिष्ठान का नाम न होने पर लाइसेंस निलंबित किया है।
जिला कृषि अधिकारी डा. सरस कुमार तिवारी ने बताया आनंद ट्रेडर्स के अभिलेखों का रखरखाव ठीक न मिलने पर चेतावनी दी गई है। सहकारी समिति कुछेछा/सुमेरपुर व संदीप खाद भंडार सुमेरपुर के पास खाद उपलब्ध न होने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सरीला तहसील में पांच प्रतिष्ठानों में छापा मारकर खाद का नमूना लिया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया सभी दुकानदारों को निर्धारित रेट दर पर खाद बेचने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। राठ प्रतिनिधि के अनुसार खरीफ की फसल में छिड़काव के लिए किसानों को यूरिया खाद की आवश्यकता है।
खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक यादव व नायब तहसीलदार घनेंद्र कुमार सिंह ने छापा मारा। नायब तहसीलदार ने बताया उरई रोड स्थित दो दुकानों सहित कस्बे की कुल चार दुकानों पर स्टाक का मिलान किया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बिक्री पर दुकानदारों से जानकारी ली। एक खाद का नमूना लिया गया।