भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। कानपुर-बांदा रूट से गुजरने वाली कोई भी एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को नहीं चलेगी। यह समस्या भीमसेन एवं कानपुर सेंट्रल के मध्य चल रहे रेलवे लाइन के मरम्मत कार्य की वजह से हो रही है। स्टेशन मास्टर एसके शुक्ला ने बताया भीमसेन व कानपुर सेंट्रल के मध्य रेलवे लाइन निर्माण का कार्य चल रहा है।
जिससे 25 दिसंबर को जबलपुर से लखनऊ बरौनी जाने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस सुबह 5:20 पर गुजरेगी। इसके अलावा दिन में आने वाली बेतवा एक्सप्रेस नहीं चलेगी। इसी तरह कानपुर से इलाहाबाद जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी। कानपुर से मानिकपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को ही चलाया जाएगा। इसके अलावा बुधवार शाम को कानपुर से चित्रकूट तक मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। स्टेशन मास्टर ने बताया कि कानपुर से खजुराहो व खजुराहो से कानपुर तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 14 जनवरी को बंद रहेगी।