हमीरपुर। 15वें वित्त आयोग (टाइड ग्रांट) के तहत प्राप्त धनराशि से नगरीय निकायों के प्रस्तावों की स्वीकृति के संबंध में डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें नगरीय निकायों का कायाकल्प होगा।
जिले की समस्त नगर पालिका व नगर पंचायतों को 15वें वित्त आयोग (टाइड ग्रांट) के तहत 6 करोड़ 53 लाख 87 हजार 975 रुपये के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस धनराशि से जनपद के नगरीय निकायों में पेयजल, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नाला निर्माण, पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जाएगा। डीएम ने कहा उक्त धनराशि जिस मद के लिए आवंटित हुई है। उसी के तहत कार्य कराए जाएं। कहा नगरीय निकायों में पेयजल समस्या का प्राथमिकता से निस्तारण करें। इसके अलावा सफाई, सैनिटाइजेशन, फागिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए।
कहा नगरीय निकाय धनराशि का उपयोग स्थानीय आवश्यकता के अनुसार करें। विद्युत की समस्या से जहां पेयजल में दिक्कत हो टैंकर के माध्यम से आपूर्ति की जाए। आंधी अथवा बरसात में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। डीएम ने जल निगम व जल संस्थान से पेयजल संबंधी विवरण तलब किया है। कहा अतिक्रमण हटाने का भी कार्य किया जाए।
वहीं संबंधित चेयरमैन राठ, कुरारा, सुमेरपुर और जिला अस्पताल गोद लेंगे। गोद लिए गए अस्पतालों में विकास कार्य किया जाएगा। इस दौरान एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम मौदहा राजेश कुमार चौरसिया, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, सुमेरपुर चेयरमैन आनंदी प्रसाद पालीवाल, राठ के श्रीनिवास बुधौलिया, अध्यक्ष नगर पंचायत कुरारा श्रीकांत गुप्ता समेत सभी ईओ मौजूद रहे।