बिवांर (हमीरपुर)। स्थानीय बिवांर कस्बे सहित बांधुरखुर्द में चिकन पाक्स का भीषण प्रकोप फैला है। लोगों के शरीर में बड़े बड़े दाने निकले हैं। बीते दो महीने से अब तक सैकड़ों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक टीम तक नहीं भेजी है। गर्मी की चपेट में आकर लोग खसरे की चपेट में आ रहे हैं। लगभग दो महीने से कस्बा सहित क्षेत्र के बांधुरखुर्द व अन्य गांवों में चिकन पॉक्स फैला है। अकेले कस्बे में ही सैकड़ों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।
कस्बा निवासी रमन (28) पुत्र राजेंद्र गुप्ता, मोहिनी (7) पुत्री रामबाबू श्रीवास, सूरज (5) पुत्र रिषीश्रीवास, हनी सिंह (5) व हर्ष (9) पुत्र भृगुराज सिंह, आरती (15) पुत्री रामकिशोर, गीता (50) पत्नी रामकिशोर, शीला (30) व अर्चना (30) पुत्रवधू लक्ष्मीकांत मिश्र व इनके पौत्र पौत्री अविरल (9) व स्वाती (5), काव्या 7 माह पुत्री संदीप द्विवेदी, बालकृष्ण (15) पुत्र कमलापत व रामकिशोर श्रीवास की 6 माह की नातिन आदि पीड़ित हैं। बांधुर खुर्द में भी रीता (22) पत्नी सुनील, रेखा (25) पत्नी बबलू सिंह व दिव्या (5) पुत्री पप्पू सिंह सहित दर्जनों लोगों के शरीर में बड़े बड़े छाले निकल आए हैं। स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर बीमारी पर आंखें मूंदे बैठा है। कस्बे में न्यू पीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों ने कुछ लोगों को पैरासिटामाल, एंटीबायटिक व एंटीएलर्जिक दवाएं जरूर दी हैं लेकिन रोकथाम के अभी तक कोई उपाय नहीं किए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरएस सोनी ने कहा कि उन्हें चिकन पाक्स फैलने की जानकारी नहीं हैं। वह मुख्यालय से स्वास्थ्य टीम भेजेंगे।