हमीरपुर। मासूम बालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मोहल्ले के लोग पतंग उड़ाते समय छत से गिरकर मौत होने की बात कह रहे हैं। घटना के समय पिता ट्रैक्टर से भाड़ा लेने गया था।
शहर के कालपी चौराहा मोहल्ला निवासी रज्जन प्रजापति ट्रैक्टर से भाड़ा ढोने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी दो बेटियों के बाद छोटा इकलौता पुत्र कृष्णा (9) कक्षा एक में पढ़ता था। शुक्रवार को तीन बजे वह कृष्णा को घर में छोड़कर ट्रैक्टर से भाड़ा करने चला गया। करीब आधे घंटे बाद उसके मोबाइल पर फोन आया कि जल्दी जिला अस्पताल पहुंचो, कृष्णा की हालत खराब है। यहां उपचार के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां रात करीब ढाई बजे कृष्णा की आईसीयू में मौत हो गई। घटना के संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्हें खुद नहीं पता कि कैसे क्या हो गया। बताया कि पड़ोसी कंधी के मकान की सीढ़ियों से गिरकर घटना होने की बात बताई जा रही है। पिता ने बताया कि उनका पुत्र पतंग नहीं उड़ा पाता था। कहा अभी किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं कराई है।