खसरे का प्रकोप फैलने से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा है। सोमवार को गल्ला मंडी के पास खसरे से एक मासूम की मौत हो गई। जबकि उसकी दो सगी बहनें इस बीमारी से जूझ रही हैं। वहीं गोहांड ब्लाक के मसगवां में आधा दर्जन से अधिक बच्चे खसरे की चपेट में हैं।
कस्बे के गल्ला मंडी के पास रहने वाले बारेलाल रैकवार के पुत्र अरुण(6), बेटी आराधना (8) और दीक्षा (4) खसरे की चपेट में आ गए। सोमवार सुबह अरुण की हालत बिगड़ गई। परिजन जब तक कुछ कर पाते तब तक मासूम ने दम तोड़ दिया। आराधना और दीक्षा इस बीमारी से जूझ रही हैं।
उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। डा. एमके वर्मा ने बताया कि बच्चों को खसरा हुआ है। उन्हाेंने बच्चों को जिला अस्पताल रिफर कर दिया है। वहीं गोहांड प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड के मसगवां में आधा दर्जन से अधिक बच्चे इस बीमारी से जूझ रहे हैं।
साहिल (5), कुलदीप (7), राजा (9), बलवान (21), कृपेंद्र (20), कुंदन (11), राजेश (18), लकी (7), पिंकी (6), बृजेंद्र (21) आदि खसरे की चपेट में हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हनी ने इसकी सूचना चिकित्सकों को दी। प्रधान ने बताया कि दवा के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। पीएचसी प्रभारी डा.आरपी वर्मा ने बताया अस्पताल आए बच्चों का इलाज किया जा रहा है।