फोटो24 एचएएमपी07- जिला अस्पताल का निरीक्षण करते अतिरिक्त एसडीएम। संवाद
- फोटो : चिलचिलाती धूप से बेहाल शहरी।
हमीरपुर। जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने रविवार को अवकाश के दिन औचक निरीक्षण कराया। अतिरिक्त एसडीएम केडी शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और हाल में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
रविवार को दोपहर अतिरिक्त एसडीएम जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर उन्होंने अस्पताल परिसर के शौचालयों समेत विभिन्न स्थानों की सफाई व्यवस्था देखी। सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों की सराहना की। इसके बाद वार्डों का निरीक्षण कर बढ़ाए गए 27 बेड की स्थिति परखी और भर्ती मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान राकेश से भोजन व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। इस पर उसने बताया कि मरीज के साथ उसे भी दोपहर और शाम का भोजन मिल रहा है।
अधिकारियों ने सीएमएस को निर्देश दिए कि बेड की चादरें प्रतिदिन बदली जाएं, वार्ड को साफ सुथरा बनाए रखें। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए अतिरिक्त एसडीएम ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदार अक्सर बरामदों में बैठते हैं। ऐसे में बरामदों में पंखे लगवाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराया जाए।