कुरारा (हमीरपुर)। कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलदीप सिंह ने मंगलवार को कुतुबपुर गांव की गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला में भूसे की कोई व्यवस्था नहीं मिली। गोवंश हरे चारे के डंठल खाते मिले। उन्होंने नाराजगी जताते हुए हरे चारे को कटवाकर भूसे के साथ खिलाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलदीप सिंह को निरीक्षण के दौरान गोशाला में 89 गोवंश संरक्षित मिले। उन्होंने गोवंशों को गुड़-चना खिलाए। मौके पर भूसा उपलब्ध नहीं मिला। ग्राम प्रधान सुरेंद्र प्रजापति को निर्देश दिए कि हरे चारे को भूसे के साथ मशीन से कटवाकर गोवंश को खिलाया जाए। उन्हें जानकारी दी गई कि गांव के एक घर में भूसा रखा है। उन्होंने गोवंश के स्वास्थ्य, खानपान और देखभाल में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव अनुपस्थित मिले। इस दौरान प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी अमित जायसवाल और विक्रम सिंह मौजूद रहे।