राठ (हमीरपुर)। डेढ़ माह पहले चारा काटने गई विवाहिता ने खेत पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।
सोमवार को मृतका के बाबा ने गांव के एक युवक के खिलाफ अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक की धमकी से आहत होकर विवाहिता ने आत्महत्या की थी।
क्षेत्र के एक गांव निवासी वृद्ध ने बताया कि 26 मई 2023 को पौत्री की शादी जरिया थाने के एक गांव में कर दी थी। पौत्री गांव के ही मोहित से फोन पर बात करती थी। मना करने पर पौत्री ने बताया कि मोहित के पास उसकी कुछ फोटो व वीडियो हैं। इस कारण से दबाव में उसे बातचीत करनी पड़ती है।
बताया कि पौत्री दो माह से अपने मायके में थी। इस दौरान आरोपी मौका पाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि शादी न करने पर फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।
इससे पौत्री ने 05 जून को आत्महत्या कर ली थी। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।