भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। शुक्रवार रात मुख्यालय से बरात में शामिल होने कस्बा आ रहे युवकों की कार सामने से अचानक ट्रक आ जाने पर बेकाबू होकर हाईवे किनारे बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन प्रतीक्षालय के पास पेड़ तोड़ते हुए नाले में जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
मुख्यालय के रानी लक्ष्मीबाई नगर निवासी सोनू शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे यमुना घाट निवासी कुलदीप और बृजेश कुमार के साथ कार से बरात में शामिल होने कस्बा आ रहे थे। कार सोनू चला रहे थे। नेशनल हाईवे पर बस स्टैंड के पास सामने से अचानक ट्रक आ जाने पर वह कार से नियंत्रण खो बैठे। कार हाईवे किनारे पेड़ को तोड़ते हुए नाले में जा घुसी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे साथियों ने तीनों घायलों को उपचार के लिए मुख्यालय पहुंचाया। शनिवार सुबह हाइड्रा की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।