चकबंदी लेखपाल परीक्षा रविवार को जिले के 43 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई। 60 फीसदी अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में प्रतिभाग किया। प्रवेश पत्रों में नाम स्पष्ट न होने से परीक्षा केंद्राें पर अभ्यर्थी भटकते रहे।
21206 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 12747 ने ही परीक्षा में भाग लिया। सरीला प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में लेखपाल भर्ती परीक्षा के तीन केंद्र बनाए गए थे। राजकीय इंटर कालेज में 350 में 156, अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय में 350 में 160 तथा शल्लेश्वर विद्यालय में 600 में 390 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
केंद्र प्रभारियों ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बिवांर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के आठ केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 4123 परीक्षार्थियों में से 1368 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान चाक चौबंद व्यवस्था रही।
वहीं मौदहा में छह विद्यालयों में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था। विद्यादेवी पालीवाल इंटर कालेज में 500 में 134, इंटर कालेज में 600 में 234 परीक्षार्थी शामिल हुए। उपजिलाधिकारी किशोर गुप्ता ने बताया कि करीब 50 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उधर राठ में सात केंद्रों पर चकबंदी लेखपाल परीक्षा हुई। 3690 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 1415 ने परीक्षा छोड़ दी। बीएनवी इंटर कालेज में पंजीकृत 626 में 408, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में 600 में 366, जीआरवी इंटर कालेज में 624 में 415, चित्रगुप्त इंटर कालेज में 500 में 307, ब्रह्मानंद डिग्री कालेज 600 में 353, फैज-ए-आम इंटर कालेज 300 में 180 और अमगांव स्थित अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय में 440 में 246 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। एसडीएम राजेश कुमार सहित आलाधिकारी परीक्षा केंद्रों का सारा दिन जायजा लेते रहे।