मौदहा बांध की सुमेरपुर ब्रांच में टेल तक पहुंचा पानी।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआ सुमेरपुर। नहरों का पानी टेल तक नहीं पहुंचने से किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिल रहा है। वहीं कई वर्षों के बाद मौदहा बांध की सुमेरपुर ब्रांच में टेल तक पानी आया है। लेकिन क्षमता कम होने से किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विकासखंड क्षेत्र में सहुरापुर पंप कैनाल, बरदहा सहजना पंप कैनाल, पत्योरा पंप कैनाल के अलावा मौदहा बांध की सुमेरपुर ब्रांच से पानी मिलता है। लेकिन कभी टेल तक पानी नहीं पहुंचता है। भाकियू के प्रदेश सचिव सुरेश शुक्ला ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से सहुरापुर पंप कैनाल का पानी भौतानी मौजे तक पहुंचाने के लिए लगातार पत्राचार कर रहे हैं। यही हाल सहजना पंप कैनाल का है। पत्योरा पंप कैनाल बड़ी क्षमता की कैनाल है। इसका टेल कस्बे के करोड़न नाला में है। लेकिन किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला। दूसरा टेल भौंरा तक है। लेकिन सुरौली मौजे से आगे नहीं बढ़ पाता। ऐसा ही कुछ हाल मौदहा ब्रह्मानंद बांध की सुमेरपुर ब्रांच का है। दशकों पूर्व बनी इस नहर में कभी टेल तक पानी नहीं आया है।