दो बच्चों के साथ ससुराल जा रहे बाइक सवार दंपति को
एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद डाला। हादसे में दो बच्चों समेत मां की मौके
पर मौत पर हो गई। जबकि बाइक चला रहा पिता गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना
से गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर ट्रक के शीशे तोड़ दिए और तीनों शवों को
सड़क में रख हमीरपुर-राठ मार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ सीताराम के समझाने पर
एक घंटे बाद जाम खुल सका।
विजय नगर, कानपुर निवासी संतोष कुमार की जिले
के बिवांर थानाक्षेत्र के बांधुरबुर्जग गांव में ससुराल है। सोमवार को वह
बाइक से पत्नी अनीता (32), पुत्र हिमांशु (8) व पुत्री मन्नत (5) को लेकर
ससुराल जा रहे थे।
जब वे कलौलीतीर व पौथिया गांवों के बीच बैठका बाबा स्थान
के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। पत्नी व दोनों बच्चों की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा संतोष
गंभीर रुप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को करीब आधा किमी तक
भगा कर ले गया और ट्रक को सड़क में खड़ाकर भाग निकला। घटना की जानकारी
मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर ट्रक के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद
तीनों शवों को सड़क पर रख दिया।
इसके चलते हमीरपुर-राठ मार्ग में आवागमन
बंद हो गया। इस बीच मृतक के रिश्तेदार आ गए और उन्होंने सड़क पर जाम लगा
दिया। लोग खराब सड़क की मरम्मत कराए जाने व पीड़ित को मुआवजा दिलाए जाने की
मांग कर रहे हैं।
सीओ सीताराम व कोतवाल पीके यादव ने जाम लगाए लोगों को
कड़ी मशक्कत के बाद समझा सके तब कहीं एक घंटे के बाद जाम खुल सका। कोतवाली
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।