हाइवे में कुछेछा गांव स्थित पुलिस चौकी के सामने
बीती रात दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों चालकों की मौत और दो
खलासी घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्टेयरिंग में फंसे
चालकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर घायलों को अस्पताल भेजा।
बिधनू,
कानपुर के गुसरा गांव निवासी चालक विष्णुकांत पांडेय (32) पुत्र सियाराम
अपने खलासी नौबस्ता कानपुर निवासी श्याम (20) पुत्र वीरेंद्र के साथ
शुक्रवार रात करीब 12 बजे ट्रक पर गिट्टी लेने कबरई जा रहा था।
तभी कानपुर
सागर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुछेछा पुलिस चौकी के सामने कबरई की ओर से
गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक चालक मोहम्मद आबिद (35) पुत्र इकलाख निवासी लखनपुर
थाना धूमनगंज जनपद इलाहाबाद की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
जिससे दोनों
चालकों की मौके पर मौत हो गई। भिंडत इतनी ज्यादा तेज थी कि ट्रकों के
परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दोनों खलासी भी गंभीर रुप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्टेयरिंग
में फंसे दोनाें चालकों को शवाें को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
और क्रेन मशीन के जरिए ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। कोतवाल
पीके यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।