फाेटाे 16 एचएएमपी 30- नेशले मार्केट में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सरीला (हमीरपुर)। नगर में महाशिवरात्रि पर्व पर निकली भव्य शिव बारात के बाद रामजानकी मंदिर में रात्रि भर भंडारा आयोजित रहा। दूर-दराज से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। नेशले मार्केट में बॉलीवुड नाइट व रंगारंग कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सोमवार सुबह तड़के श्लेष्वर मंदिर में शिवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को चूरमा चढ़ाने की प्राचीन परंपरा निभाई गई। सुबह से पूजा-अर्चना व मनौती मांगने वालों का जमघट लगा रहा। शिव बारात में बैंड-बाजे, घोड़े, डीजे सहित कलाकारों की विदाई हुई। इसके पहले रविवार को नेशले मार्केट में आयोजित बॉलीवुड नाइट का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री भानू प्रताप वर्मा ने फीता काटकर व मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया।
श्लेष्वर मंदिर में जवाबी कीर्तन ने भक्ति का रंग घोल दिया। नेशले मार्केट में जूनियर अनिल कपूर व जूनियर सलमान खान ने फिल्मी गीतों पर धमाकेदार प्रस्तुति दी। सिंगर कामिनी ठाकुर ने भक्ति व फिल्मी गीत गाए। कॉमेडियन राजन श्रीवास्तव ने हास्य से लोगों को खूब हंसाया। रशियन नृत्यांगनाओं ने फिल्मी गीतों पर नृत्य कर धमाल मचा दिया। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार अनुरागी, एसडीएम बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन कुशवाहा व सांस्कृतिक समिति के सदस्य मौजूद रहे। भीड़ संभालने में जरिया थाना प्रभारी दिनेश कुमार पांडेय, पुलिस चौकी प्रभारी ईश्वर नारायण पांडेय सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।