भरुआ सुमेरपुर ()। विकासखंड सुमेरपुर के ब्लॉक प्रमुख जयनरायन सिंह यादव ने समाज कल्याण विभाग के सुपरवाइजर पर कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
भेजे गए पत्र में ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि ब्लॉक में तैनात सुपरवाइजर आशीष कुमार द्वारा कई योजनाओं के लाभार्थियों के प्रकरणों का समय पर निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टेढ़ा निवासी विजय बहादुर की पुत्री के विवाह अनुदान का आवेदन पत्राचार के बाद भी लंबित है। इसके अलावा सावित्री व मीना (टेढ़ा), मालती (बदनपुर) तथा आकांक्षा (अतरैया) की पारिवारिक लाभ योजना के आवेदन भी स्वीकृत नहीं किए गए हैं।
ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि सुपरवाइजर लाभार्थियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने और विकास भवन के बाबू से मिलने का दबाव बनाते हैं, जिससे उनकी कार्यप्रणाली संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और प्रमुख सचिव समाज कल्याण को भी भेजी गई है।