हमीरपुर। जोड़ों में दर्द और कमर में जकड़न व पैर-हाथ में सुन्नपन के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार, अनदेखी में यह बीमारी जटिल समस्या का रूप लेती जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय से ऑपरेशन न होने से लकवा सहित अन्य अंगों के प्रभावित होने की आशंका बढ़ जा रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो नसों से जुड़ी समस्या लेकर रोजाना जिला अस्पताल में 150 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें से बैकपेन यानी कमर में गंभीर दर्द की शिकायत है।
मौसम में बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। खासतौर से गठिया (ऑर्थराइटिस) के मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 40 से 50 मरीज जोड़ों में दर्द, सूजन और अकड़न की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और मध्य आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव, सुबह-शाम की ठंड हवा और वातावरण में बढ़ी नमी गठिया के मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती है। मौसम बदलते ही पुराने मरीजों का दर्द बढ़ जाता है जबकि कई लोगों में पहली बार जोड़ों में जकड़न और सूजन की समस्या सामने आ रही है। खासकर घुटनों, कंधों, कमर और हाथों की उंगलियों में दर्द की शिकायत अधिक मिल रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल में 569 पर्चे बने।