हमीरपुर। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन शनिवार को राठ (आरक्षित) विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मनीषा अनुरागी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं सदर विधानसभा से सपा प्रत्याशी रामप्रकाश प्रजापति ने नामांकन का दूसरा सेट दाखिल किया। सदर विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी से राममिलन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जमाल आलम व अखिल भारतीय शोषित पार्टी से सौरभ कुमार ने नामांकन पत्र के सेट दाखिल किए।
मौदहा क्षेत्र के नायकपुरवा निवासी सदर विधायक युवराज सिंह ने संभावित भाजपा से नामांकन के दो सेट लिए। शहर के यमुना घाट मोहल्ला निवासी कौशल किशोर द्विवेदी ने संभावित कांग्रेस से एक सेट, अमन शहीद मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र पाल सिंह ने निर्दलीय से एक सेट, महोबा जिले के बसौठ निवासी मृत्युंजय प्रताप ने निर्दलीय से एक सेट, रहुनियां धर्मशाला निवासी राजेश कुमार बाजपेयी ने संभावित आम आदमी पार्टी से एक सेट, बिवांर कस्बा निवासी पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी ने संभावित सपा से एक सेट, रमेड़ी मोहल्ला निवासी प्रेमनारायण द्विवेदी ने अखिल भारतीय स्वराज पार्टी से एक सेट, मौदहा कस्बा निवासी केशव बाबू ने निर्दलीय से दो सेट, नरेंद्र कुमार निवासी गोहांड ने निर्दलीय से एक सेट, बिवांर के मवईजार निवासी मुसाहिब बेग ने निर्दलीय से एक सेट, जलालपुर निवासी बृजकिशोर सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी से एक सेट, मुस्करा के इमिलिया निवासी बंटोली ने निर्दलीय से एक सेट, टेढ़ा निवासी कुंवर बहादुर ने निर्दलीय से नामांकन के एक सेट लिए हैं।
सदर विधानसभा से सपा प्रत्याशी रामप्रकाश प्रजापति शनिवार को दूसरा नामांकन सेट दाखिल करनेे आए। उनके साथ प्रस्तावक मुन्नीलाल निषाद, राजेश श्रीवास, राकेश यादव, राजेश सविता, कमरुद्दीन, सुरेंद्र यादव मौजूद रहे।
विधायक रहते नहीं खरीद सकीं कोई वाहन
भाजपा प्रत्याशी मनीषा अनुरागी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से वर्ष 2010 में पोस्ट गेजुएट किया हैं। नामांकन के साथ जमा किए गए आय-व्यय ब्योरे में उन्होंने 50 हजार रुपये खुद के पास व पति के पास 60 हजार रुपये बताए हैं। वहीं पिछलेे 2017 के चुनाव में उन्होंने खुद के पास 30 हजार व पति के पास 40 हजार रुपये दर्शाए थे। उन्होंने इस बार 300 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी होना बताया है। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने 247 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी होना बताया था। इन पांच सालों में 53 ग्राम सोना खरीदा है।
वहीं इंडियन बैंक राठ में एक हजार व लखनऊ के इसी शाखा में तीन लाख 41 हजार जमा हैं। मनीषा ने पिछले चुनाव में तीन बैंक खातों में एक लाख पांच हजार रुपये जमा होना दर्शाया था। वहीं पति के खातों में चार हजार रुपये जमा बताए गए थे। इस बार के ब्योरे में पति के एसबीआई ललितपुर के खाते में दो लाख 66 हजार 378 व केनरा बैंक झांसी में 26 हजार जमा है। वहीं एलआईसी की दो लाख की पालिसी है। जिनकी अनुमानित कीमत 12 लाख है। दिए ब्योरे में स्वयं के पास 15 लाख 92 हजार कुल संपत्ति बताई है। जबकि पति के पास डेढ़ लाख का सोना सहित कुल संपत्ति सात लाख 24 हजार 320 रुपये बताई है। वर्ष 2017 में नामांकन करते समय आरओ को दिए गए आय व्यय ब्योरे में पति के पास करीब 4.50 लाख रुपये के एलआईसी की पालिसी होना दर्शाई थी।
---------------
छह मुकदमे हैं विचाराधीन
नामांकन पत्र के साथ जमा आपराधिक मामलों में कुल छह मुकदमों का जिक्र किया है। इनमें थाना चिकासी में अपराध संख्या 7-2017, थाना राठ में 19-2017,353-2012, 99-2022, 100-2022 व 101-2022 धारा 171, 171, 188 आईपीसी के तहत सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन हैं। वहीं एक मुकदमा आचार संहिता उल्लंघन का जिक्र किया गया है।
-------------------
बिना मास्क लगाए गेट तक पहुंचे कार्यकर्ता
नामांकन के दौरान भाजपा प्रत्याशी के साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता भी आए। सभी कार्यकर्ताओं को नगर पालिका स्थित आंबेडकर पार्क में रोका गया। नामांकन करने के बाद जैसे ही भाजपा प्रत्याशी मनीषा अनुरागी नामांकन स्थल के मुख्य गेट से बाहर निकली। तभी कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके पास पहुंच गया और कोविड की गाइड लाइन को दरकिनार किया। यहां प्रत्याशी के साथ कुछ समर्थक ही मास्क लगाए दिखे। ज्यादातर कार्यकर्ताओं बिना मास्क का उपयोग नहीं किया।