संवाद न्यूज एजेंसी
मुस्करा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के थाना गेट के पास बेटी के कन्यादान का सामान खरीदने बाजार जा रहे मामा-भांजे की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मामा की मौत हो गई। भांजा घायल हो गया। मौत की खबर लगते ही शादी वाले घर में मातम पसर गया। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
महोबा जिले के खरेला थानाक्षेत्र के गांव बसौठ निवासी सिद्धगोपाल (50) सोमवार को भांजे थाना क्षेत्र के गांव कराहरा निवासी देवकरन के साथ बाइक से मुस्करा बाजार आए थे। दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार मामा-भांजे जैसे ही थाना गेट के समीप पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेजा, यहां डाक्टरों ने सिद्धगोपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को थारे में खड़ा कराया। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। भांजे देवकरन ने पुलिस को बताया कि सिद्धगोपाल ईंट-भट्ठे में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।
राय मशविरा के बाद शादी की तारीख बढ़ा दी गई
18 फरवरी को सिद्धगोपाल की बड़ी बेटी कोमल की शादी तय है। राठ स्थित मैरिज हॉल में सामूहिक सजातीय सम्मेलन में शादी होनी थी। घर में सोमवार को मंडप का कार्यक्रम चल रहा था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं कि अचानक बेटी के पिता की मौत की खबर लगते ही सभी मांगलिक कार्यक्रम रोक दिए गए। लड़के के पिता व सिद्धगोपाल के समधी बलराम ने राय मशविरा कर शादी को आगे के लिए टाल दिया है।