थाना मझगवां के गिरवर गांव के निकट महोबा मार्ग पर दोपहर डेढ़ बजे बाइक सवार दंपति को सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को पनवासी पीएचसी ले जाया गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिना हेलमेट यात्रा कर रहे बाइक सवार के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। वह पत्नी को बाइक से संस्कृत परीक्षा का पेपर दिलाने राठ जा रहा था। दूसरी घटना में गिरवर गांव में खेत की मेड़ पर ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर चालक की दबकर मौके पर मौत हो गई।
जनपद महोबा के थाना पनवाड़ी के तुर्रा गांव निवासी दलित सचिन की पत्नी अनीता का शनिवार की दोपहर दो बजे से राठ के संस्कृत महाविद्यालय में शास्त्री द्वितीय अनिवार्य साहित्य का पेपर था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे सचिन अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से राठ आ रहा था। राठ-महोबा मार्ग पर गिरवर चौकी के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। मौके पर ही सचिन की मौत हो गई। घायल अनीता को इलाज के लिए पनवाड़ी अस्पताल ले जाया गया।
सूचना पर राठ और मझगवां थाना पुलिस ने पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। वहीं मुस्करा थाने के बिलगांव निवासी जगभान पुत्र करन सिंह अपने एक साथी दिनेश पुत्र आनंदी निवासी मसीदन के साथ मुस्करा से राठ आ रहा था। बिहूनी के पास एक कल्टीवेटर लगे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं मझगवां थाने के गिरवर गांव निवासी जगदेव अहिरवार पुत्र ठाकुर दास शनिवार की दोपहर बाद गांव के अमरचंद्र का खेत जोतकर गांव वापस लौट रहा था। रास्ते में एक खेत की मेड़ पर ट्रैक्टर पलट गया। जिसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।