दुर्ग एक्सप्रेस ट्रेन का स्वागत करते क्षेत्र के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बेतवा एक्सप्रेस (दुर्ग) सोमवार को जैसे ही सुमेरपुर स्टेशन पर रुकी, लोग खुशी से झूम उठे। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे रवाना किया। मौके पर नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ट्रेन के चालक और गार्ड का स्वागत किया। हालांकि पहले दिन ये ट्रेन 44 मिनट लेट आई और कस्बे के स्टेशन में करीब दस मिनट रुकी।
कानपुर से दुर्ग तक जाने वाली बेतवा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से व्यापारी कर रहे थे। सोमवार को उनकी मुराद पूरी हुई। कानपुर जाने के लिए ट्रेन में कस्बे से 100 यात्री सवार हुए। दुर्ग से चलकर कानपुर जाने वाली ट्रेन का इस स्टेशन में ठहराव सुबह 10:54 बजे का है। लेकिन ट्रेन 11:38 पर यहां आई। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश गुप्ता की अगुवाई में व्यापारी नेताओं ने चालक महेश कुमार पांडेय, सहायक चालक अनिल कुमार का मुंह मीठा कराया। पूर्व चेयरमैन आनंदी प्रसाद पालीवाल, शिवनारायन सोनकर, राजेंद्र निगम ने गार्ड आरपी त्रिपाठी का माल्यार्पण किया।
इस मौके पर पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मध्य रेल बांदा संजय कुमार, स्टेशन मास्टर नरेंद्र कुमार वर्मा, सहा.स्टेशन मास्टर एके चंदोला, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता, मीना यादव, अनिल परनामी, राजकुमार शिवहरे, अनुज गुप्ता, सौरभ द्विवेदी, राजकुमार चौरसिया, ऊषा सिंह, गीता वर्मा, विमला वर्मा, अर्चना शर्मा आदि मौजूद रहे।