हमीरपुर। बिवांर कस्बे के डीहा मौजा स्थित बबेड़ीनाथ आश्रम मंदिर में मंगलवार दोपहर प्रसाद चढ़ा रहे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला सहित आठ श्रद्धालु घायल हो गए, सभी को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार को बिवांर निवासी संजय यादव अपने परिजनों और पड़ोस की महिलाओं के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर बबेड़ीनाथ मंदिर प्रसाद चढ़ाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आश्रम परिसर में एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। इसी दौरान, मंदिर की ओर जाने वाले भरखरी मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, इसमें मजदूर तारकोल पिघला रहे थे। तारकोल से उठता धुआं मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गया, इससे वे भड़क गईं और श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। हमले में लोकेंद्र सिंह (38), स्वेता (19), रामकिशन प्रजापति (50), संध्या (20), रोशनी (17), कोमल (20), संतोष (35) और बादशाह (31) घायल हुए। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में स्थित पुजारी की कोठरी में छिपकर अपनी जान बचाई।
मधुमक्खियों के शांत होने के बाद सभी घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। घायल लोकेंद्र ने बताया कि पुजारी की कोठरी में छिपने की व्यवस्था होने के कारण कई लोग सुरक्षित बच पाए, अन्यथा घटना और गंभीर हो सकती थी।