हमीरपुर। बदलता मौसम डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकता है। जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। वायरल बुखार, खांसी के अलावा फोड़ा-फुंसी भी नासूर बन रहे हैं। डॉक्टर का कहना है कि डायबिटीज कई तरह की बीमारियों की जननी है। सचेत नहीं रहेंगे तो शरीर के कई अंग कमजोर हो सकते हैं। लिवर, किडनी, हार्ट पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस समय डायबिटीज के मरीज विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हैं। ऐसे मरीज रोजाना जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। मेडिसिन विभाग में वायरल बुखार और खांसी के हर 10 मरीज में एक दो लोग डायबिटीज से ग्रसित पाए जा रहे हैं।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरएस प्रजापति बताते हैं कि मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। डायबिटीज के मरीजों को नियमित दवा लेनी चाहिए ताकि शुगर लेबल उनका नियंत्रण में रहे। शुगर बढ़ने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इससे बीमारियां पनपती हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष निरंजन कहते हैं कि इसकी चपेट में बच्चे भी आ रहे हैं। इधर फोड़ा-फुंसी लोगों को ज्यादा हो रहे हैं। यदि डायबिटीज का मरीज है तो यह जल्दी ठीक ही नहीं हो रहे हैं। एक दो ऐसे मरीज मिले, जिनके हल्के जख्म डायबिटीज की वजह से नासूर बन गए हैं। मरीज भी लापरवाही बरतते हैं। 300 से 400 शुगर लेबल पर भी लोग नियमित दवा और परहेज नहीं कर रहे हैं।