हमीरपुर। बार संघ पदाधिकारियों व एल्डर्स कमेटी के बीच चल रहे विवाद के बीच बृहस्पतिवार को चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन नामांकन प्रक्रिया में विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया।
बार संघ अध्यक्ष व महामंत्री का एल्डर्स कमेटी से चार्ज दिलाने को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में महामंत्री शैलेंद्र सचान द्वारा हाईकोर्ट में याचिका डाली गई थी। इस पर न्यायालय ने याचिका स्वीकार्य कर इसे चुनाव बाधित न होने की बात कह सुनवाई के लिए 11 नवंबर की तिथि नियत की। इस पर एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन जयकरन सिंह ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इस पर बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। चेयरमैन ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए महेंद्र प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार शुक्ला व महेश प्रसाद साहू ने नामांकन किया। वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए इंद्रपाल यादव व कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए विनोद कुमार, देव प्रकाश त्रिपाठी, अनिल कुमार यादव, पवन कुमार व पियूष कुमार ने अपना पर्चा दाखिल किया। महामंत्री पद पर दो प्रत्याशियों अश्वनी कुमार व जगत प्रसाद मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, संयुक्त सचिव पद के लिए सत्येद्र गोयल, विमल कुमार, अनुराग निगम, कोषाध्यक्ष के लिए जयपाल सिंह व युगांक मिश्रा ने अपना नामांकन किया। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए विजयेंद्र कुमार सिंह, रामकिशन यादव, चंदमौलि द्विवेदी, मथुरा प्रसाद द्विवेदी व देशराज सिंह ने पर्चा दाखिल किया। जबकि कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए देवी प्रसाद यादव, पियूष परमार, रामशंकर, साहिल कुमार साहू, अमित द्विवेदी, महेश कुमार सैनी व आशीष सचान ने नामांकन किया। बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच नाम वापसी प्रक्रिया के बाद 29 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदान कराने की मांग
हमीरपुर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी केके शुक्ला ने मतदाता सूची में व्याप्त अनियमिताओं को दूर कर मतदान कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एल्डर्स कमेटी चेयरमैन को आपत्तियों के संबंध में पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के नियमानुसार संघ में दो वर्ष तक पंजीकृत रहने व सीओपी नंबर वाले अधिवक्ताओं को ही मतदाता बनाया जाना चाहिए। जबकि मतदाता सूची में 35 मतदाता बिना सीओपी नंबर वाले दर्ज है। वहीं, सात मतदाता पहली बार पंजीयन कराने वाले है। उन्होंने मतदाता सूची ठीक करा मतदान कराने की मांग की है।