भरुआ सुमेरपुर। आर्यावर्त बैंक सुरौली बुजुर्ग में समूह का खाता खुलवाने गई महिलाओं ने शाखा प्रबंधक पर जमकर अभद्रता करने और बैंक में ताला बंद करके बंधक बनाने का आरोप लगाया है। बुधवार को महिलाओं ने मामले की शिकायत थाने में की है।
स्वयं सहायता समूह की संकुल प्रभारी तनुजा सिंह ने बताया कि वह गत 25 सितंबर को सुरौली बुजुर्ग के मजरा कछार की समूह की महिलाओं को साथ लेकर खाता खुलवाने शाखा पर पहुंची थी। सुबह 10:30 बजे से लेकर 3:30 बजे तक शाखा पर बैठी रही। लेकिन शाखा प्रबंधक आशीष कुमार सचान ने खाता नहीं खोला। जब उनसे खाता खोलने की बात कही गई तो उन्होंने अभद्र शुरू कर दी और शाखा में ताला बंद करवाकर सभी को बंधक बनाकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस के आने के बाद उन्हें बैंक से बाहर किया गया।
बुधवार को तनुजा सिंह समूह की महिलाओं के साथ थाने में आकर मामले की शिकायत पुलिस से की है। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि समूह की महिलाओं के आरोप निराधार हैं। उन्होंने महिलाओं को नहीं बल्कि महिलाओं के साथ आए युवक द्वारा अभद्रता करने पर बैठाए रखा।