गहरौली (हमीरपुर)।गांव खड़ेही लोधन के गंगा सागर स्टेडियम में बांदा व राठ टीम के बीच सेमी फाइनल मुकाबला खेला गया। बांदा टीम ने राठ को छह विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। आयोजकों ने विजेता टीम को शाबाशी दी।
खड़ेही लोधन टूर्नामेंट मैमोरियल कप प्रतियोगिता के सातवें दिन दूसरे सेमी फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख मुस्करा वीरनारायण राजपूत, विशिष्ट अतिथि हीरानन्द पीजी कॉलेज बिवांर के प्राचार्य डॉ अभिनन्दन सिंह भदौरिया, पूर्व प्रधानाचार्य बलराम सिंह राजपूत, ग्राम प्रधान उमरी कपिल वर्मा व समाज सेवी अंकित द्विवेदी ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों का परिचय लिया। बांदा टीम के कप्तान ने पहले टॉस जीतकर राठ के कप्तान को बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। राठ टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 133 रन बनाए। संजू ने 46, प्रांशु ने 46 रनों की तेज पारी खेली। तरुण ने भी 20 रनों का योगदान दिया। बांदा की टीम ने 13 ओवर में 135 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया। अन्नू ने 41, विनायक ने 27 व अभय ने 17 रनों की पारी खेली। इस जीत के साथ बांदा की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। सोमवार को फाइनल मुकाबला बांदा व मऊरानीपुर टीम के बीच खेला जाएगा।