पुखरायां हादसे के बाद सुमेरपुर स्टेशन से निकलती ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक में पुखरायां के निकट रेल हादसा होने के बाद उस रूट से निकलने वाली कई ट्रेनों को बांदा-कानपुर रेलवे ट्रैक से निकाला गया। इससे दिन भर ट्रेनों के आने-जाने से यह रूट व्यस्त रहा। सवारी गाड़ियों के साथ कई मालगाड़ियों को भी निकाला गया।
कस्बे के रेलवे स्टेशन मास्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि बीती रात तीन बजे झांसी-कानपुर रेलखंड में पुखरायां के निकट इंदौर पटना एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है जिससे यह रूट पूरी तरह से बंद हो गया है। उस रूट से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को गतंव्य तक पहुंचाने के लिए कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक से गुजारा गया। स्टेशन मास्टर से बताया कि गोरखपुर मुंबई, लखनऊ से पूना एक्सप्रेस को यहां से गुजारा गया है।
इसके अलावा झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली मालगाड़ियों को इसी रूट से भेजा गया है। इस रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय में आ जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रेन हादसा के बाद बांदा तथा इलाहाबाद आदि जगह से दुर्घटना सहायता ट्रेन भी भेजी गईं। स्टेशन मास्टर ने बताया कि अगले 24 घंटे तक इस रूट से ट्रेनों का निकलने का सिलसिला जारी रहेगा और बिना स्टापेज के ट्रेनों को निकाला जाएगा। सिर्फ क्रासिंग होने पर ही ट्रेनों को रोका जाएगा।