स्पोर्टस स्टेडियम में हॉकी खेलते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति के तत्वाधान में चल रही खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत बैडमिंटन पुरुष एकल में आशुतोष बाजपेई 21-11 व 21-15 के अंकों के साथ प्रखर पथिक को हराते हुए विजेता बने।
वहीं पुरुष युगल के सेमीफाइनल में राजकुमार त्रिवेदी व आशुतोष की जोड़ी ने राकेश व रामखिलावन की जोड़ी को 21-11, 18-21 व 21-18 अंको के साथ हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमी फाइनल में प्रखर पथिक व सूरजपाल की जोड़ी ने रमाकांत व महेंद्र की जोड़ी को 21-10 व 21-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। जिसका फाइनल मैच सोमवार को खेला गया। आशुतोष बाजपेई व राजकुमार की जोड़ी ने 19-21, 21-18 व 25-23 के अंको के साथ प्रखर व सूरजपाल की जोड़ी को हराया।
मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के मौके पर सोमवार को स्टेडियम में 14 वर्षीया स्कूली बालकों की हाकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सात टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला मैच जीआईसी व श्री विद्या मंदिर इंटर कालेज के बीच हुआ जिसमें श्री विद्या मंदिर की टीम विजयी रही। दूसरा मैच स्टेडियम टीम ने इस्लामियां की टीम को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद सरदार पटेल व कानपुर पब्लिक स्कूल के बीच हुए मैच में सरदार पटेल की टीम जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंची। वही श्री विद्या मंदिर की टीम ने स्टेडियम की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हाकी का फाइनल मैच श्री विद्या मंदिर व सरदार पटेल टीम के बीच हुआ जिसमें श्री विद्या मंदिर की टीम विजयी रही। निर्णायकों में अनवर मिर्जा, अब्दुल मतीन, परितोष दीक्षित, सूरजपाल, आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता का पुरस्कार जिलाधिकारी उदयवीर सिंह यादव द्वारा सभी विजेताओं को वितरित किया गया।