हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार व बाइक
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के लोदीपुर निवादा गांव स्थित भस्मानंद इंटर कॉलेज के सामने शनिवार दोपहर कार की टक्कर से बाबा और नाती की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक अपने पिता व बाबा के साथ बहन के लिए लड़का देखने जा रहा था। हेलमेट न लगाए होने से तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं।
राठ मार्ग पर भस्मानंद इंटर कालेज के सामने शनिवार को एक चिकित्सक की अनियंत्रित कार ने बाइक पर जा रहे करगांव निवासी जयसिंह (20) उसके पिता रमेश यादव और बाबा लक्ष्मी (60) पुत्र कालीचरण को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आए मृतक लक्ष्मी के पुत्र अनिरुद्ध ने बताया कि बेटी की शादी के लिए लड़का देखने थाना ललपुरा के नदेहरा गांव जा रहे थे। तभी हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार बिवांर से छानी की ओर जा रहे थे जबकि कार छानी से मुस्करा की ओर जा रही थी। बाइक जयसिंह चला रहा था।
कार स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक चिकित्सक की है, जिसे वह खुद चला रहे थे। बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए सड़क के किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। एसआई भोजराज अवस्थी ने तीनों घायलों को थाने की जीप से छानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां से उन्हें इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफ र कर दिया गया। सदर अस्पताल में जय सिंह और उसके बाबा लक्ष्मी की मौत हो गई। उघायल रमेश यादव को कानपुर के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। हादसे में चिकित्सक की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।