हमीरपुर। जिला के सरकारी स्कूलों में चल रहे वोकेशनल कोर्स के तहत फेस थ्री के छात्र ऑटोमोबाइल के प्रशिक्षण से वंचित रहेंगे। फेस थ्री में ऑटोमोबाइल ट्रेड को शामिल नहीं किया गया है। जिससे ऑटोमोबाइल प्रशिक्षण के इच्छुक छात्र प्रशिक्षण प्राप्त नहीं कर सकेंगे। इस बार प्रदेश भर में वोकेशनल कोर्स के तहत फेस थ्री में शामिल स्कूलों को ऑटोमोबाइल ट्रेड नहीं दिया गया है। हालांकि फेस वन व फेस टू में शामिल सरकारी स्कूलों में ऑटोमोबाइल ट्रेड का प्रशिक्षण छात्रों को दिया जा रहा है।
वोकेशनल कोर्स के तहत 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को शिक्षा के साथ ही रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में वोकेशनल कोर्स शुरू किए गए हैं। हर वर्ष सरकारी स्कूलों को वोकेशनल कोर्स के साथ जोड़ा जा रहा है। वोकेशनल कोर्स से संबंधित स्टाफ भी स्कूलों में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस बार फेस थ्री में शामिल स्कूलों में टेलीकॉम ट्रेड शामिल किया गया है।
फेस थ्री में शामिल स्कूलों के छात्र अब मोबाइल, टेलीफोन रिपेयर का प्रशिक्षण भी स्कूल में ही प्राप्त कर सकेंगे। फेस थ्री में शामिल स्कूलों में छात्रों को टेलीकॉम, रिटेल, आईटीईएस, हेल्थ केयर, सिक्योरिटी ट्रेड का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। ऑटोमोबाइल को इस वर्ष शामिल नहीं किया गया है।
जिला में 43 सरकारी स्कूलों में चल रहे वोकेशनल कोर्स-
हमीरपुर के 43 सरकारी स्कूलों में वोकेशनल कोर्स चल रहे हैं। फेस वन में 8 और फेस टू में भी 8 सरकारी स्कूलों को इस योजना से जोड़ा गया था। फेस थ्री में 27 स्कूलों में वोकेशनल कोर्स के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
वर्ष 2015-16 में फेस थ्री में ऑटोमोबाइल ट्रेड को शामिल नहीं किया गया है। फेस थ्री में शामिल स्कूलों में छात्रों को इस वर्ष ऑटोमोबाइल का प्रशिक्षण नहीं मिलेगा। फेस थ्री में टेलीकॉम ट्रेड को शामिल किया गया है।
-अमित मेहता, जिला समन्वयक एनएसक्यूएफ।