राठ (हमीरपुर)। क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां तीन की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।
जलालपुर थाने के पचखुरा गांव निवासी ऑटो सवार मनोज कुमार (23) ने बताया कि शुक्रवार शाम सरीला से राठ आ रहा ऑटो उमरिया गांव के पास बाइक से टकरा गया। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिसमे सवार उमरिया निवासी मर्दन (36), बजरिया निवासी इकबाल (45), जलालपुर रोड निवासी आरती (25) और बहगांव निवासी ऊदल (65) घायल हो गए।
घायल मर्दन ने बताया कि हादसे के बाद चालक सभी घायलों को छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां मनोज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। वहीं, जरिया थाने के तुरना गांव निवासी रतन यादव (33) और रमेश कुमार (45) गांव जाते समय हमीरपुर रोड पर गहरा चौकी के पास बाइक फिसलने से घायल हो गए। इसके अलावा पवई गांव निवासी शिवम राजपूत (28), चंद्रप्रकाश (38) और चिकासी थाने के बंधौली निवासी भगत सिंह (50) अमगांव तिराहे के पास सड़क हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर राघव ने मनोज, शिवम और भगत सिंह की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। (संवाद)