अतरैया की टूटी सड़क दिखाते मतदाता।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत अतरैया का संपर्क मार्ग तीन दशक से ध्वस्त है। इसके चलते आवागमन प्रभावित है। अतरैया के पूर्व प्रधान रमाकांत पाठक, पप्पू पाठक, रामबाबू पाल, अरुण सिंह, प्रदीप पाठक, महेश तिवारी, चुनूबाद वर्मा, वरदानी वर्मा, भोला वर्मा आदि ने बताया कि कैथी पारा मार्ग से गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग तीन दशक पूर्व बना था। बनने के बाद मरम्मत न होने के अभाव में यह संपर्क मार्ग पूरी तरह से खत्म हो गया है। सड़क के नाम पर सिर्फ गड्ढे हैं। ग्रामीण समय-समय पर इस सड़क को बनवाने की मांग जनप्रतिनिधियों से करते रहे हैं। लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा है। मतदाताओं का कहना है कि कई सरकारें आईं और चली गईं लेकिन समस्या बरकरार है।
पूर्व प्रधान रमाकांत पाठक कहते कि चुनाव के समय प्रत्याशी वोट मांगने आते है। इस बार प्रत्याशियों को इस सड़क का जवाब देना ही होगा।
गांव निवासी प्रदीप पाठक ने बताया कि सड़क ध्वस्त होने से बीमार लोगों को लाने ले जाने में मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। कई किमी का चक्कर काटकर मुंडेरा मार्ग से होकर जाना पड़ता है। इस बार ऐसा विधायक चुनेंगे जो इस मार्ग का बनवाएगा।