हमीरपुर। जिलाधिकारी ने शनिवार को शीतलपुर और बदनपुर प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील, साफ-सफाई, स्मार्ट क्लास तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी ली। इस दाैरान उन्होंने बच्चों से सवाल-जवाब कर शिक्षा की गुणवत्ता भी परखी।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि छात्रों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा दी जाए। शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय आएं और पूरी जिम्मेदारी के साथ पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की आधारशिला है इसलिए हर बच्चे की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर के अनुरूप विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों पर उपलब्ध कराने के लिए कहा। इस दाैरान डीलएम ने बीएसए को जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।