चिकासी थानाक्षेत्र के बंगरा में हुई हत्या के मामले में बडे़ भाई द्वारा अधिक जमीन जोत लेने का विवाद सामने आया है। गुरुवार की दोपहर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया था। जिस पर बडे़ भाई ने छोटे भाई को लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पत्नी ने जेठ के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चिकासी थाने के बंगरा गांव निवासी स्वामीदीन मुखिया रंजिश के चलते चिकासी गांव में रहने लगे थे। उसके पास करीब 100 बीघे जमीन है। उसके दोनों पुत्र बिहारी और रमेश अलग-अलग खेती करते थे। बताते हैं कि खेत में मेड़ न होने से जमीन को लेकर दोनों के बीच में काफ ी समय से मनमुटाव चल रहा था।
गुरुवार की दोपहर बिहारी अपने खेत में पत्नी के साथ मसूर की फ सल की कटाई कर रहा था। तभी अधिक जमीन जोतने को लेकर रमेश का उसकी पत्नी से कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर रमेश ने बिहारी की पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बिहारी ने जब रमेश को मारपीट करने से रोका तो रमेश उसे मारने के लिए दौड़ा।
इस पर बिहारी ने रमेश के ऊपर दोनाली बंदूक से फायर झोंक दिया। मृतक रमेश की पत्नी कृष्णकुमारी ने अपने जेठ बिहारी के खिलाफ थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर भाइयों में विवाद चल रहा था। आरोपी की तलाश मेें दबिश दी जा रही है। बताया शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।