हमीरपुर। जिलाधिकारी से अनुशासन हीनता में वस्तु एवं सेवाकर (स्टेट जीएसटी) डिप्टी कमिश्रनर को संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) ने राज्यकर संभाग बांदा में संबद्ध कर दिया है। डिप्टी कमिश्नर का मेडिकल कराकर ब्लड और यूरिन का सैंपल जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं शासन ने उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है।
जानकारी के अनुसार मीटिंग के सिलसिले में शनिवार को डिप्टी कमिश्नर मानव कुमार विकास जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में गए थे। आरोप है कि वह शराब के नशे में थे। जिससे वहां शराब की गंध आने पर जिलाधिकारी नाराज हुए और इसे अनुशासन हीनता बताया। इस संबंध में उन्होंने जीएसटी के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
रविवार को एसडीएम रविंद्र सिंह ने डिप्टी कमिश्नर को लेकर जिला अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इस दौरान उनका ब्लड और यूरिन का सैंपल लिया गया है। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर बीते दिन उनके कार्यालय में शराब के नशे में आए थे। जिसे अनुशासन हीनता मानते हुए उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इसको लेकर शासन को पत्राचार किया गया है।
बताया कि संयुक्त आयुक्त कार्यपालक ने राज्यकर बांदा संभाग में इनको संबद्ध कर दिया है। वहीं मानव कुमार पर लगे आरोपों को लेकर उनसे संपर्क किया गया लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिल सका है।