बड़सर में आरएसएस कार्यालय में स्वयंसेवकों के साथ चर्चा करते पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के टिप्पर में स्थित आरएसएस के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से चर्चा की। उनके साथ बड़सर भाजपा नेता विनोद ठाकुर भी उपस्थित रहे। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री विनोद ठाकुर के घर गए और चाय की चुस्कियां लेते हुए बड़सर की राजनीति पर चर्चा की।
पूर्व मुख्यमंत्री 25 मिनट के लिए बणी में स्थित विनोद ठाकुर के घर पर रुके। पूर्व मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम अचानक ही बना। इसकी सूचना कम लोगों को थी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह यहां निजी दौरे पर आए हैं और अभी किसी भी सवाल का जवाब नहीं देंगे। इसके पश्चात वह भोटा में एक कार्यकर्ता के घर भी थोड़ी देर रुके और फिर शिमला के लिए रवाना हो गए।