राठ। पनवाड़ी हाईवे निर्माण के दौरान कुछ मकानों को गिराने के आदेश पर ग्रामीण भड़क उठे। मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि व लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ने समझा बुझा कर शांत कराया।
उरई से राठ होते हुए पनवाड़ी की ओर फोरलेन मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। क्षेत्र के बसेला गांव निवासी बृजेंद सिंह, धर्मपाल, रामऔतार पाठक, कमलेश विश्वकर्मा, सुरेंद्र कुशवाहा आदि ने बताया कि हाईवे के निर्माण में कुछ मकान गिराने के आदेश जारी किए गए हैं। मकान गिराने की बात सुनकर ग्रामीण भड़क उठे तथा विरोध जताया। ग्रामीणों के विरोध की जानकारी पर विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी व लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता पुष्पेंद्र मौके पर पहुंच गए।
अभियंता ने बताया कि 8.70 मीटर सड़क की एक ओर की पटरी का निर्माण होना है। वहीं दो मीटर का डिवाइडर बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य की जद में एक मकान आने से दिक्कत हो रही है। जबकि अन्य मकानों को बचाने के लिए डिवाइडर को कुछ कम किया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि ने ग्रामीणों को मकान न गिराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।