हमीरपुर जिले के राठ में गर्दन का घाव न भरने पर कैंसर की आशंका से परेशान आंगनबाड़ी सहायिका ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नगर के बुधौलियाना मोहल्ला निवासी कमलेश (60) ने सोमवार देर शाम कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। पड़ोसियों ने विवाहित की पुत्री शिवानी को सूचना दी। शिवानी ने फंदे से उतारा व सीएचसी ले गईं। जहां डॉ. चतुर्भुज सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली निवासी भाई संदीप ने बताया उनकी बहन कमलेश सिकंदरपुरा मोहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका थीं। 20 साल पहले उनके पति रामकुमार छोड़ कर चले गए थे। वह घर में अकेली रहतीं थीं। करीब ढाई साल पहले कमलेश ने आग लगाकर जान देने का प्रयास किया था। उस समय किसी तरह बच गईं पर उनकी गर्दन में घाव रह गया। जलने के बाद उन्होंने ड्यूटी पर जाना बंद कर दिया था। घाव सही न होने पर उन्हें कैंसर की आशंका थी। जिस वजह से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी तीन पुत्रियां शिवानी, मेघा व गुड़िया हैं जिनका विवाह हो चुका। कोतवाल भरत कुमार ने कहा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।