कुरारा (हमीरपुर) नगर पंचायत कुरारा में सरकारी भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत कार्यालय की ओर से नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में आरोप लगाते हुए बताया की कस्बा के राजस्व क्षेत्र अंतर्गत सरकारी गाटा संख्या 2308 की भूमि पर विपक्षियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से गलत तरीके से पैमाइश कराई गई। इसी आधार पर सरकारी भूमि पर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे नगर पंचायत को आर्थिक क्षति पहुंच रही है।
पत्र में बताया गया कि नगर पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर पहले पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। शेष खाली भूमि पर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी नीलामी प्रक्रिया भी पूर्व में की गई थी। इसके बावजूद क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो द्वारा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत कर विपक्षियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। नगर पंचायत का आरोप है कि विपक्षियों की रिपोर्ट के आधार पर माननीय न्यायालय से निर्माण कार्य पर स्थगन आदेश के बाद निर्माण कार्य बाधित हुआ।