संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जलालपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने एसपी को प्रार्थना पत्र दे गांव के ही एक युवक पर व्हाट्सएप में अश्लील मैसेज करने का आरोप लगाया है। वहीं मामले में जलालपुर पुलिस पर प्रार्थना पत्र बदलवा अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगा नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के पिता ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री के व्हाट्सएप पर गांव निवासी एक युवक अभद्र बात करता है। उससे मिलने का दबाव बनाता है। बताया कि इस संबंध में उसने जलालपुर पुलिस को शिकायती पत्र दिया। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ शिकायती पत्र देने का दबाव बना मुकदमा दर्ज किया जबकि आरोपी का नाम साफ तौर पर दिया गया था।
कहा कि अब आरोपी दूसरे नंबर से फोन कर सहेलियों पर दबाव बना मिलने को कहता है। उसने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवा कार्रवाई की मांग की है। मामले में एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि नौ जनवरी को वादी की तहरीर पर जलालपुर पुलिस द्वारा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। सर्विलांस व अन्य माध्यमों से जानकारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है। आरोपी का नाम स्पष्ट होने पर अपने आप उसका नाम सामने आ जाएगा।