सरीला (हमीरपुर)। एडीएम ने खनिज विभाग की टीम के साथ रविवार को क्षेत्र की दो मौरंग खदानों में छापा मारा। इस दौरान ओवरलोड 12 ट्रक तथा दो प्रतिबंधित पोकलैंड मशीन पकड़ी गई, जिसे सीज करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले भारी मात्रा में लगे मौरंग के डंप को भी सीज कर संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र ने रविवार को छानी गांव के पास लगे मौरंग के डंप के बारे में जानकारी की, जो अवैध पाया गया। इस पर उसे सीज करते हुए डंप मालिक के विरुद्ध थाना बिवांर में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद चंडौत रिरूवा गांव के पास बेतवा नदी की मौरंग खदान संख्या 22/14 में छापा मारा। यहां दो प्रतिबंधित पोकलैंड मशीनें तथा ओवरलोड पांच ट्रक पकड़े हैं। निरीक्षण के दौरान संचालक द्वारा अपनी सीमा क्षेत्र के बाहर अवैध रूप से खनन पाया गया। इन सभी बिंदुओं का आकलन कर पट्टा संचालक पर एफआईआर के अलावा भारी जुर्माने के साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
खदान संख्या 22/4 में भी मौरंग से लदे ओवरलोड सात ट्रक पकड़े गए हैं। एडीएम ने पकड़े गए ओवरलोड ट्रकों व पोकलैंड मशीनों को सीजकर थाना जरिया के सुपुर्द किया है। बताया जा रहा है कि इस खदान पर लगभग एक करोड़ का जुर्माना लग सकता है। छापे के दौरान तहसीलदार श्याम शरण शुक्ला व खनिज इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह तथा जरिया पुलिस मौजूद रही।