भरुआसुमेरपुर। जिलाधिकारी डॉ.चंद्रभूषण त्रिपाठी ने रविवार को कस्बा स्थित पॉलिटेक्निक कालेज के छात्रावास में बनाए गए सौ बेड के एल-वन हॉस्पिटल (कोविड अस्पताल) का निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेताया कि किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई होगी।
कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए कुरारा के साथ सुमेरपुर कस्बे के पॉलिटेक्निक कालेज के छात्रावास को एल- वन हॉस्पिटल के रूप में संचालित किया गया था। इसमें सौ से अधिक बेड बनाकर पहली और दूसरी लहर में मरीजों का इलाज भी किया गया।
तीसरी लहर को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। अमर उजाला में रविवार के अंक में तैयारियों के बारे में छपी खबर को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने रविवार को पॉलिटेक्निक कालेज पहुंचकर छात्रावास में संचालित होने वाले एल-वन हॉस्पिटल को जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाएं देखने के बाद संतुष्टि जताई और प्रभारी चिकित्साधिकारी/डिप्टी सीएमओ डॉ.महेश चंद्रा को और बेहतर व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस हॉस्पिटल में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछली गलतियों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।