हमीरपुर। डीएम व एसपी के निर्देश पर गठित जांच टीम ने सोमवार रात लोकेटरों के विरुद्ध स्टिंग ऑपरेशन चलाकर 10 वाहनों सहित 24 लोकेटरों व 200 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दो लोगों को हिरासत में भी लिया है। कार्रवाई से अवैध मौरंग परिवहन में लिप्त लोगों में खलबली मच गई है। बता दें कि अमर उजाला ओवरलोडिंग परिवहन के खिलाफ प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर रहा है। खबरों का संज्ञान लेकर जिला प्रशासन ने लोकेटरों के विरुद्ध जांच टीम गठित कर अभियान चलाया।
डीएम घनश्याम मीना ने बताया कि सोमवार रात टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को सदर कोतवाली में कुल 10 वाहनों सहित 24 लोकेटरों के विरुद्ध नामजद व 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, खान एवं खनिज अधिनियम, अपराध के लिए उकसाना व सरकारी कर्मचारी पर हमला या बल का प्रयोग करना समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कहा कि ऐसे सभी सिंडीकेट को खत्म किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक दीक्षा शर्मा के मुताबिक कार्रवाई जारी रहेगी।