भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के स्टेशन मार्ग पर ट्रांसपोर्टर से हुई लूट के मामले में नामजद तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उनके साथी और रिश्तेदार उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। ट्रांसपोर्टर ने शुक्रवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर डीआईजी चित्रकूटधाम मंडल से न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।
कस्बे के वार्ड संख्या 10 निवासी ट्रांसपोर्टर हुसैन के साथ 23 अक्तूबर की रात स्टेशन मार्ग पर लूट की घटना हुई थी। पीड़ित के अनुसार वह पैदल जा रहा था तभी कस्बा निवासी सुमित जोशी, अंकित शिवहरे और शिवम शिवहरे ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद तीनों ने उससे 2 लाख 17 हजार 200 रुपये लूट लिए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 25 अक्तूबर को तीनों आरोपियों के खिलाफ लूट का प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।