नादौन(हमीरपुर)। अंब-नादौन मार्ग पर स्थित कूहना में वीरवार रात एक कार अनियंत्रित होकर पुल से टकराकर खैरन खड्ड में गिर गई। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक कार पंजाब के कपूरथला से मंडी जा रही थी। इसमें गुरपेंद्र पाल (30) पुत्र अजीत सिंह निवासी शाहकोट (जालंधर) तीन अन्य के साथ सवार था। कूहना के निकट कार मोड़ काटते समय खड्ड में जा गिरी। कार चालक गुरपेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार हरप्रीत सिंह (21) पुत्र हरचरण सिंह निवासी कपूरथला, हरचरण सिंह (52) पुत्र अछर सिंह निवासी कपूरथला, सिमरणजीत सिंह (22) पुत्र अजीत सिंह निवासी कपूरथला को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को नादौन अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। हादसे के स्थान से गुजर रहे किसी गाड़ी चालक ने 108 को फोन कर घायलों को नादौन अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की जांच कर रहे रक्कड़ पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन जारी है। थाना प्रभारी ज्वालामुखी शंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणोें की जांच की जा रही है।