राठ(हमीरपुर)। हमीरपुर रोड पर साईं मंदिर के पास रविवार की शाम धनौरी से राठ जा रहा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक की नाले में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धनौरी गांव निवासी गौरीशंकर राजपूत ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र इंद्रकुमार (24) ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार शाम गांव से ऑटो लेकर सवारियां लेने कस्बा जा रहा था।
हमीरपुर रोड पर साईं मंदिर के पास अचानक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त होने से वह सड़क किनारे नाले में जा गिरा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की। देर रात नाले में शव मिला। उसका छह माह पूर्व नीरज से विवाह हुआ था। गौरीशंकर ने बताया कि दो पुत्रों में छोटा पुत्र बृजेश बाहर रहता है। युवक की मौत पर परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।